JioBharat 4G Phone पर 6 महीने रिचार्ज फ्री

₹1,499 में मिलने वाले JioBharat 4G फोन के साथ हर महीने 14GB डेटा और अनलिमिटेड HD वॉयस कॉलिंग दी जाएगी।
जियो ने अपने 10वें एनिवर्सरी ऑफर के तहत JioBharat 4G फोन ₹1,499 में पेश किया है। कंपनी इस कीमत के साथ छह महीने का रिचार्ज भी मुफ्त दे रही है।
ऑफर की अवधि के दौरान ग्राहकों को हर महीने 14GB डेटा और अनलिमिटेड HD वॉयस कॉलिंग मिलेगी। यानी फोन खरीदने के बाद छह महीने तक अलग से रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी।
ऑफर की खासियत
₹1,499 की कीमत में JioBharat 4G फोन के साथ छह महीने का रिचार्ज शामिल है, जिसमें हर महीने 14GB डेटा और अनलिमिटेड HD कॉलिंग मिलेगी।
कंपनी ने यह ऑफर खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है जो अभी भी 2G फीचर फोन इस्तेमाल कर रहे हैं। जियो के मुताबिक ऐसे ग्राहक आम तौर पर करीब ₹199 प्रति महीने का रिचार्ज कराते हैं।
₹199 के मासिक रिचार्ज को छह महीने के हिसाब से देखें तो खर्च करीब ₹1,200 होता है। कंपनी के अनुसार इसी आधार पर 2G से 4G पर आने का अतिरिक्त खर्च करीब ₹299 रह जाता है। हालांकि फोन खरीदते समय ग्राहक को पूरी ₹1,499 कीमत चुकानी होगी।
4G पर अपग्रेड करने के साथ JioBharat यूजर्स को इंटरनेट के अलावा JioTV के 500 से ज्यादा टीवी चैनल, JioHotstar पर क्रिकेट, फिल्में और मनोरंजन, म्यूजिक तथा JioPay के जरिए UPI पेमेंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
फोन के फीचर्स
JioBharat फोन में 2.4 इंच डिस्प्ले और 2,000mAh बैटरी दी गई है। यह ऑफर चुनिंदा A1, B1, B2 और B3 मॉडल पर लागू है।